फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांवड़ यात्रा : विभागवार बांटी गईं जिम्मेदारियां

Sat, 07 Jul 2018 12:28 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/शामली।
विज्ञापन
meeting - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
शामली। कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को जिला स्तरीय बैठक हुई, जिसमें विभागवार जिम्मेदारियां तय की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा महोत्सव सकुशल संपन्न कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।  
विज्ञापन


शुक्रवार को कलक्ट्रेट में हुई बैठक के दौरान जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग को छह जोन और 18 सेक्टर में बांटकर व्यवस्था बनाई गई है। यात्रा मार्ग पर कांवड़ सेवा शिविर लगाने की अनुमति एसडीएम स्तर से दी जाएगी, लेकिन उसके लिए निरीक्षण भी किया जाएगा। ट्रांसफार्मर के पास अथवा विद्युत लाइन के नीचे शिविर नहीं लगाया जाएगा। कांवड़ यात्रा मार्ग पर डिवाइडर को दुरुस्त किया जाए। ब्रेकर बनाने का कार्य लोक निर्माण विभाग करेगा। इसके अलावा कैराना रोड पर रजबहे की टूटी पुलिया को दस दिन के भीतर बनाने का निर्देश दिया।

वहीं, उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखी जाएगी। बेरीकेडिंग कर कांवड़ियों के लिए मार्ग सुरक्षित रखा जाएगा। शहरी क्षेत्र में डिवाइडर को ठीक कराया जाए। इसके अलावा मार्ग पर जहां भी ट्रांसफार्मर की बेरीकेडिंग नहीं है, वहां बल्लियां लाग दी जाए।
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों में कांवड़ियों के उपचार के लिए उचित प्रबंध रहेंगे तथा 12 एंबुलेंस भी कांवड़ मार्ग पर चिन्हित स्थानों पर खड़ी की जाएंगी।  वहीं, पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। कैराना रोड और झिंझाना रोड पर वॉच टॉवर बनाए जाएंगे तथा सीसीटीवी भी लगवाए जाएंगे। इसके अलावा ड्रोन कैमरों से भी निगरानी कराई जाएगी।
इसके अलावा यमुना नदी पर गोताखोरों की टीम 24 घंटे सक्रिय रहेगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी केबी सिंह, एसडीएम दुष्यंत कुमार मौर्य, विनोद कुमार सिंह, पूर्व चेयरमैन राजेश्वर बंसल, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।  

पांच भागों में बांटी व्यवस्था 
- मुजफ्फरनगर जनपद की सीमा लालूखेडी से बनत में कृष्णा नदी पुल तक व्यवस्था बनाने की जिम्मेदारी जिला पंचायत की होगी।  
- कृष्णा नदी पुल से एसटी तिराहे तक की व्यवस्था नगर पंचायत बनत कराएगी, जिसमें मार्ग की सफाई आदि कार्य भी होगा।  
- एसटी तिराहे से कैराना रोड नहर पुल तक की जिम्मेदारी नगर पालिका परिषद शामली की होगी।  
- पूर्वी यमुना नहर पुल से कैराना बाईपास तक कांवड़ मार्ग पर व्यवस्थाएं इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन करेगी।  
- कैराना बाईपास से यमुना पल तक होने वाली व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नगर पालिका परिषद कैराना को निभानी है।  

छह बजे तक बंद होंगी शराब की दुकानें 
कांवड़ यात्रा के दौरान शराब की दुकानें सायं पांच से छह बजे के बीच बंद रखने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा मादक पदार्थ की बिक्री पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसके अलावा पशु पैठ भी कांवड़ यात्रा के दौरान बंद रहेंगी। होटल, ढाबों पर खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट लगानी अनिवार्य होगी तथा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम नियमित रूप से निरीक्षण करेगी।  
विज्ञापन



 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें