शामली में पुलिस अधिक्षक कार्यालय में धरने के दौरान एसपी के सामने अपनी समस्या रखती महिला । सं
- फोटो : सड़क हादसे के बाद जलता डीसीएम व ट्रेलर।
शामली। गांव जसाला निवासी मोनू कश्यप की तीन दिन पहले हत्या के मामले में कश्यप समाज के लोगों और महिलाओं ने एसपी कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा व एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा।
कश्यप एकता समिति के जिलाध्यक्ष मोहित कश्यप के नेतृत्व में सोमवार को समाज के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यालय पर प्रदर्शन कर धरना दिया। मोहित कश्यप ने बताया कि गांव जसाला निवासी मोनू कश्यप की तीन दिन पहले हत्या कर दी गयी। इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार बेहद गरीब है। परिवार को आशंका है कि उनके साथ कोई भी अनहोनी घटना हो सकती है। उन्होंने हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, प्रकरण में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने, पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, मृतक की पत्नी को पांच बीघा भूमि का पट्टा आवंटित करने की मांग की गई। एसपी एनपी सिंह ने परिजनों को इस मामले में शामिल आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसपी ने बताया कि मामले की जांच में सामने आया कि मोनू का किसी लड़की से प्रेम प्रसंग था। उन दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। एसपी का कहना है कि प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।