शामली। करवा चौथ को लेकर बाजार गुलजार हो गए हैं। जहां बाजारों में रौनक बढ़ी है, वहीं मेहंदी का कारोबार भी गुलजार हो गया है। इस बार महिलाओं को मेहंदी का थ्रीडी डिजाइन काफी पसंद आ रहा है।
10 अक्तूबर को मनाया जाने वाला महिलाओं का सबसे प्रिय त्योहार करवा चौथ को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। महिलाएं अन्य सामानों की खरीदारी के साथ ही मेहंदी लगवाने के लिए काफी उत्साहित नजर आ रही हैं। शनिवार को शहर के नए बाजार में देखने को मिला कि महिलाएं पार्लरों के साथ ही सड़कों किनारे मेहंदी लगाने के लिए बैठे युवक व युवतियों के पास भी अच्छी-खासी महिलाओं की भीड़ है। मेहंदी लगाने वाले आरव ने बताया कि मेहंदी में थ्रीडी, लौंग पत्ती, अरबी व वेल सहित तमाम प्रकार के डिजाइन हैं। बाजार में इस वर्ष थ्रीडी डिजाइन मेहंदी महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई है। मेहंदी लगाने का रेट डिजाइन पर निर्भर करता है। थ्रीडी मेहंदी के 200 से 2000 रुपये तक लिए जा रहे हैं। वहीं मेहंदी लगाने वाली कविता ने बताया कि सिंपल मेहंदी का सेट 400 रुपये, हाथ की कोहनी तक 1100 रुपये, करवा चौथ की थीम का डिजाइन 1500 रुपये, ब्राइडल मेहंदी 2500 रुपये तक लिए जा रहे हैं। इस बार कारोबार अच्छा रहने की उम्मीद है।