शामली। कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली से शामली होकर हरिद्वार के लिए दो कांवड़ स्पेशल ट्रेन 11 से 25 जुलाई तक चलाई जाएगी। उत्तर रेलवे के यातायात निरीक्षक सुनील धीमान ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान 11 जुलाई से दिल्ली से शामली तक चलने वाली 74022 पैसेंजर ट्रेन को हरिद्वार चलाया जाएगा।
यह ट्रेन रात 10.57 बजे शामली से चलकर हरिद्वार रात एक बजे पहुंचेगी। यही ट्रेन हरिद्वार से तड़के 3.05 बजे चलकर शामली 6.25 बजे पहुंचेगी। शामली से चलकर दिल्ली 9.30 बजे पहुंचेगी। दूसरी ट्रेन 04315 सुबह शाहदरा 4.20 बजे चलकर शामली 5.45 बजे पहुंचेगी। दो मिनट बाद ही यह ट्रेन शामली से चलकर सुबह 11 बजे बजे ऋषिकेश पहुंचेगी।
ऋषिकेश से शाहदरा के लिए रात्रि 2.25 बजे चलकर 5.45 बजे शामली स्टेशन पर पहुंचेगी। 5.47 बजे चलकर 9.55 बजे सुबह शाहदरा पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा पहले से ही चल रही ट्रेन सुबह 8.50 बजे दिल्ली से चलकर ऋषिकेश जाती है। यह ट्रेन रोजाना दोपहर 12.50 बजे पहुंचती है। कांवड़ स्पेशल ट्रेन हरिद्वार तक चलने वाली 24 जुलाई और ऋषिकेश तक जाने वाली ट्रेन 25 जुलाई तक संचालित होगी।