कैराना लोकसभा सीट की यदि बात की जाए तो इस सीट पर पांच विधानसभाएं आती हैं। इनमें शामली, थानाभवन, कैराना और सहारनपुर जिले की नकुड़ और गंगोह शामिल है। 17 लाख 22 हजार 432 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे, जिनमें 921820 पुरुष और 800517 महिला मतदाता शामिल हैं। शांतिपूर्वक मतदान के लिए 12 हजार से अधिक पुलिसकर्मी, आईटीबीपी के जवान, पीएसी सुरक्षा की कमान संभालेगी। इस सीट पर सर्विस मतदाता भी 5147 हैं।
डीएम रविंद्र सिंह और एसपी अभिषेक ने कहा कि शांतिपूर्ण मतदान की हरसंभव कोशिश है। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी ने भी चुनाव के दौरान उपद्रव करने का प्रयास किया तो सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा।
11 जोन, 93 सेक्टर में बांटा जिला
जिला निर्वाचन कार्यालय प्रभारी हामिद हुसैन ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर जिले को 11 जोन और 93 सेक्टरों में बंटा गया है। सभी में अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं। मतदान केन्द्रों पर 98 माइक्रो आब्जर्वर द्वारा मतदान सुचारू रूप से सम्पन्न कराए जाने की व्यवस्था की गई है।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हरियाणा बॉर्डर पर पुलिस अलर्ट
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हरियाणा बॉर्डर पर पुलिस पूरी तरह अर्लट है। कैराना व बिड़ौली यमुना पुलों पर हरियाणा की ओर से आने वाले वाहनों को चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।
आज कैराना लोकसभा चुनाव के दौरान 17 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव शांति पूवर्क सम्पन्न कराने के लिए पीएसी व अर्धसैनिक बल के जवानों ने अपने मोर्चे संभाल लिए हैें। पुलिस प्रशासन हरियाणा सीमा पर भी पूरी तरह अर्लट है। कैराना स्थित यमुना पुल व झिंझाना के बिड़ौली यमुना पुल पर पुलिस हरियाणा के आने वाले वाहनों की सघन चेकिंग कर रही। चुनाव के लिए शराब, धन बल न आ सके। इसके चलते पुलिस प्रशासन सतर्क है।