शामली : कांधला में फर्जी प्रमाण पत्रों के मामले में पकड़ा गया आरोपी शिक्षक।
- फोटो : SHAMLI
फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी करने वाला शिक्षक गिरफ्तार
कांधला (शामली)। ब्लॉक के गांव गंगेरु के कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी पाने वाले शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. विजेंद्र बालियान ने जुलाई 2020 में थाने पर शिकायत करते हुए बताया था कि जनपद बागपत के गांव मुकंदपुर थाना छपरौली निवासी राजदीप खोकर ने वर्ष 2010 में फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर जनपद रामपुर के ब्लॉक मिलक के गांव कपनेरी में सहायक अध्यापक के पद पर तैनाती पाई थी। फर्जी प्रमाण पत्रों की जानकारी जांच के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों को हुई। शिक्षक राजदीप स्थानांतरित होकर वर्ष 2017 से क्षेत्र के गांव गंगेरु के कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय में आ गया। मामले में खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. विजेंद्र बालियान की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी करने वाले शिक्षक की तलाश शुरू कर दी थी। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि राजदीप खोकर कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड पर कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राजदीप को दबोच लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक रोजंत त्यागी ने बताया कि शिक्षक राजदीप फरार चल रहा था। उसे गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।