शामली। जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के चलते 77 व्यक्ति और संक्रमित हो गए। कोरोना संक्रमितों में झिंझाना थाना प्रभारी और सीएमओ कार्यालय के एक चिकित्सक भी शामिल हैं। 42 व्यक्ति स्वस्थ हुए हैं। जिले में अब सक्रिय केस की संख्या 383 हो गई है।
बृहस्पतिवार को प्राप्त हुई सैंपलों की जांच रिपोर्ट में शामली शहर के करीब 20 व्यक्ति कोरोना संक्रमित हुए हैं। झिंझाना थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह भी कोरोना की चपेट में आ गए। सीएमओ कार्यालय के एक चिकित्सक भी कोरोना संक्रमित हो गए। इनके अलावा गांव लिलौन से चार, गांव कुड़ाना में तीन, हसनपुर, सिंभालका, बनत, झाड़खेड़ी, भूरा, खेड़ा मस्तान, जमालपुर, कांधला में एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है।
थानाभवन में नौ व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए। जलालाबाद में चार व्यक्ति कोरोना संक्रमित हुए। कैराना कोर्ट परिसर में एक, गांव डुंगर में एक, गोगवान जलालपुर में एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिले में कोरोना के 77 नए केस मिले हैं, जबकि 42 मरीज ठीक हुए हैं। इस तरह से अब जिले में सक्रिय केस की संख्या 383 हो गई है।