जलालाबाद। बिजली बिल से जुड़ी समस्या को लेकर अब उपभोक्ताओं को कहीं भटकने की जरूरत नहीं होगी। क्योंकि अब विद्युत विभाग आपके द्वार अभियान के तहत जेई से लेकर लाइनमैन मीटर रीडर के साथ बिल निकालते समय खुद आपके घर पहुंचेंगे। जहां वह उपभोक्ताओं की सभी समस्याओं का समाधान करेंगे।
वे गलत बिल, मीटर की गलत यूनिट आने पर, गलियों में लटके जर्जर तार आदि समस्याओं को सुनेंगे। घर बैठे ही उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान भी होगा। इस अभियान से उपभोक्ताओं का समय भी बचेगा और बिजली निगम के दफ्तरों के चक्कर भी काटने नहीं पड़ेंगे। क्षेत्र के हिसाब से अलग अलग मीटर रीडर की ड्यूटी लगाई गई है। मीटर रीडर द्वारा बिजली का बिल बनते ही उपभोक्ता मौके पर ही अपना बिल भी जमा करा सकेंगे। इस दौरान उन्हें गलत और सही बिल बनने की भी तुरंत जानकारी होगी। अगर बिल गलत बनता है तो मौके पर ही बिजली अधिकारियों द्वारा समाधान भी किया जाएगा।
बिजली विभाग द्वारा विद्युत विभाग आपके द्वार अभियान चलाया जा रहा है। इसमें विभाग के लाइनमैन से लेकर सभी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जो मीटर रीडर के साथ उपभोक्ताओं के द्वार तक जाएंगे। - राहुल कुमार अवर अभियंता हसनपुर लुहारी