शामली। जनवरी माह से शामली शहर को 22 घंटे बिजली आपूर्ति मिल सकती है। पावर कारपोरेशन निगम लि. के आला अफसरों से शामली की आपूर्ति बढ़ाने की मांग काफी समय से चल रही थी। बिजली अधिकारियों ने कहा वसूली का मानक पूरा होने पर जल्दी ही बिजली आपूर्ति में बढ़ोत्तरी करा दी जाएगी।
क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक पंकज मलिक ने पश्चिमांचल पावर कारपोरेशन लि. के प्रबंधक निदेशक और अधीक्षण अभियंता को पिछले दिनों शामली की बिजली आपूर्ति की खराब हालत के बारे में बताया। अधीक्षण अभियंता शेष कुमार बघेल ने जवाब में पत्र भेजकर कहा ऊर्जा निगम ने बिजली आपूर्ति के लिए वसूली दर का मानक बनाया हुआ, जिन बिजलीघरों से मानक के अनुरूप राजस्व वसूली हो रही है, उन्हें 22 घंटे बिजली देने की व्यवस्था है। इसमें शामली के खेड़ीकरमू बिजलीघर को शामिल कर लिया।
शामली शहर में माजरा रोड मंडी बिजलीघर और खेड़ी करमू बिजलीघर से बिजली आपूर्ति होती है। मंडी बिजलीघर की वसूली दर मानक के अनुरूप करने पर काम चल रहा है। अधीक्षण अभियंता शेष कुमार बघेल ने बताया राजस्व वसूली दर का मानक 4.5 रुपये प्रति यूनिट निर्धारित है।
बिजलीघर को प्राप्त ऊर्जा और प्राप्त राजस्व वसूली से यह आंकलन होता है। उन्होंने बताया खेड़ीकरमू बिजलीघर मानक के अनुरूप चल रहा है। मंडी बिजलीघर पर काम पूरा होने पर पूरे शहर को 22 घंटे बिजली आपूर्ति दिलाई जाएगी।