करवाचौथ के त्योहार को लेकर महिलाओं में पूरा उत्साह दिखाई पड़ रहा है। अन्य कारोबार के साथ ही सौंदर्य प्रसाधन का कारोबार भी खूब दमक रहा है। बाजारों में स्थित सभी दुकानों पर सौंदर्य प्रसाधन संबंधी सामानों की खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। दुकानों पर नए नए डिजाइनों को चूड़ियां और कड़े महिलाओं को खूब लुभा रहे हैं। महिलाओं को सबसे ज्यादा पसंद झूमके वाले और जयपुरी कंगन आ रहे हैं। अच्छी बिक्री के चलते दुकानदारों भी खुश हैं।
27 अक्तूबर को करवाचौथ का त्योहार है। सराफा बाजार, कपड़ा बाजार के साथ ही सौंदर्य प्रसाधन बाजार में भी महिलाओं की भीड़ दिन प्रति दिन बढ़ती जा रही है। शहर के कबाड़ी बाजार, बड़ा बाजार, नया बाजार, शिवचौक, नेहरू मार्केट, लाल सिंह मार्केट आदि सभी बाजारों में स्थित सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर सौंदर्य संबंधी सामान खरीदने के लिए सुहागिन महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। महिला चूड़ियां, कंगन, ब्लीच, फेशियल, क्रीम, पाउडर, बिंदी, फेशवॉश, नेल पेंट, हेयर कलर, लिपिस्टिक आदि सामानों की खरीदारी कर रही है। वहीं दुकानदार भी महिलाओं को सामानों पर 15 से 20 प्रतिशत की छूट देकर खुश करते नजर आ रहे हैं।
बड़ा बाजर स्थित दुकानदार नीरज ने बताया कि इस बार जयपुरी व कांच के कंगन भी आए हुए हैं। जो महिला खूब पसंद कर रहे हैं। जिनकी कीमत 150 रुपये से लेकर 1000 तक है। वहीं नया बाजार स्थित दुकानदार विकास चौहान ने बताया कि सबसे ज्यादा कंगन इस बार झुमके वाले कंगन सुहागिनों को भा रहे है। जिन्हें देखते ही महिला पसंद कर रही हैं। जिनकी कीमत 450 रुपये तक है।
राजस्थानी और परी वाली चूड़ियां भी पहली पसंद
दुकानदार विकास और राहुल ने बताया कि चूड़ियों में भी इस बार कई प्रकार की वैैरायटी आई है। जिसमें राजस्थानी स्टाइल, परी वाली चूड़ियां, फैंसी चूड़ियां के साथ ही मेटल वाली चूड़ियों की भी खूब बिक्री हो रही है। जिनकी कीमत 40 रुपये दर्जन से लेकर 300 रुपये दर्जन तक है।
सौंदर्य प्रसाधन के सामान पर दे रहे विशेष छूट
करवाचौथ को लेकर सौंदर्य प्रसाधन के सामान पर 15 से 20 प्रतिशत छूट दी जा रही है। चूड़ियां, लिपिस्टिक, कंगन, नेल पेंट, बिंदी, फेस वॉश, हेयर कलर, ब्लीच, फेशियल किट आदि सामानों पर दुकानदार छूट के साथ बेच रहे हैं। कुछ महिला ब्यूटी पार्लर में न जाकर घर पर ही सजने संवरने के लिए सामान खरीद रही है। शहर के सभी बाजारों में सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर सामान खरीदारी करने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है।