चौसाना (शामली)। गांव लक्ष्मीपुरा में सोमवार रात से लापता आईटीआई के छात्र गोविंद (20) का जला हुआ शव मंगलवार सुबह जंगल में स्थित कुएं में मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। शव बुरी तरह जला हुआ था। परिजनों ने हत्या कर शव को जलाने और उसे कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम पर भेजने के बाद जांच में जुट गई है।
मृतक के चाचा दीनदयाल ने बताया कि गोविंद सोमवार रात करीब 11 बजे घर से गांव के ही घेर में सोने गया था। मंगलवार सुबह जब परिजन पशुओं को चारा डालने पहुंचे तो वह वहां नहीं मिला। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा। बाद में गांव के पास खेत में काम कर रहे मजदूरों ने कुएं में शव पड़े होने की सूचना दी, जिसकी पहचान गोविंद पुत्र सुखबीर के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को जलाने के बाद कुएं में फेंका गया है। मामले की जांच के लिए पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है।
मृतक गोविंद का फाइल फोटो। परिजन