संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिला अस्पताल में किट खत्म होने के चलते तीन दिन तक काला पीलिया की जांच नहीं हो सकी। सोमवार को 250 किट मिलने पर मरीजों की जांच की गई। एक दिन में 60 से 70 मरीजों की जांच होती है।
जिले में हेपेटाइटिस सी और बी के मरीज लगातार सामने आ रहे हैं। इनमें हेपेटाइटिस सी यानि काला पीलिया के मरीज ज्यादा सामने आ रहे हैं। हर महीने करीब 250 नए मरीज मिल रहे हैं। जिला अस्पताल में काला पीलिया की कार्ड वाली किट से जांच की जाती है। किट से जांच में काला पीलिया मिलने पर वायरल लोड की जांच कराई जाती है। अस्पताल में रोजाना काला पीलिया के 60-70 मरीजाें की जांच होती है, लेकिन जांच किट खत्म होने से पिछले सप्ताह तीन दिन तक मरीजों की जांच नहीं हो सकी। ड्रग वेयर हाउस से अस्पताल को फिलहाल 250 जांच किट मिली हैं। किट मिलने पर सोमवार को मरीजों की काला पीलिया की जांच की गई। जांच किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध न होने से दो-तीन दिन बाद फिर से जांच बंद हो सकती है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि काला पीलिया की जांच किट के लिए डिमांड भेजी गई है। फिलहाल जो किट मिली है, उनसे मरीजों की जांच की जा रही है। एक-दो दिन में जांच किट और आने की उम्मीद है।