शामली की कांधला सीएचसी में महिला चिकित्सक की लापरवाही के चलते सड़क पर ही प्रसव के मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इसकी जांच जिला प्रतिरक्षण अधिकारी को सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में शनिवार को जांच टीम सीएचसी पहुंची। टीम ने दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत की। जांच पूरी होने पर सीएमओ को रिपोर्ट पेश की जाएगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
बता दें कि बृस्पतिवार को शमशाद अपनी पत्नी बानो को प्रसव पीड़ा होने पर उसे कस्बे के राजकीय अस्पताल लेकर आया था। महिला के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में तैनात महिला चिकित्सक ने गर्भवती महिला को खून की कमी बताते हुए अस्पताल से निकाल दिया था। जैसे ही महिला के परिजन महिला को अस्पताल से लेकर घर जाने लगे तो महिला ने बीच सड़क पर ही नवजात को जन्म दे दिया था। उसके बाद महिला के परिजनों ने राजकीय अस्पताल में पहुंचकर महिला चिकित्सक के खिलाफ जमकर हंगामा करते हुए महिला चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
अमर उजाला में यह मामला प्रमुखता से उठाया गया। इस पर सीएमओ ने संज्ञान लिया। उन्होंने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. सफल कुमार को मामले की जांच सौंप दी। शनिवार को डाक्टर सफल कुमार ने अपनी टीम के साथ कस्बे के राजकीय अस्पताल पहुंचकर पीड़ित महिला के परिजनों के ब्यान दर्ज किए हैं। वहीं, महिला चिकित्सक के छु्ट्टी पर होने के चलते जांच टीम के लोगों ने अन्य चिकित्सकों से मामले के बारे में जानकारी हासिल की। मामले में डाक्टर सफल कुमार का कहना है कि जांच जारी है। जांच पूरा होने के बाद रिपोर्ट सीएमओ को सौंप दी जाएगी।