शामली। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डाॅ. देवेंद्र शर्मा ने बुधवार को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय बनत का निरीक्षण किया और विद्यालय की दीवारों पर बच्चों के लिए वॉल पेंटिंग करने के भी निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान विद्यालय में वार्षिक परीक्षाएं चल रही थी। निरीक्षण में सभी कक्षा कक्ष का अवलोकन करते हुए बालिकाओं से कोई समस्या तो नहीं है की जानकारी प्राप्त की गई। विद्यालय में नामांकित 100 के सापेक्ष 94 में बालिकाएं उपस्थित मिली। विद्यालय में टाइलीकरण की समस्या को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कार्य हेतु एस्टीमेट बन गया है जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने रामगढ़ में लर्निंग लैब आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने आंगनबाड़ी में पढ़ रहे बच्चों से कविताएं और 1 से 10 तक गिनती सुनीं और ए से जेड तक अंग्रेजी वर्णमाला की जानकारी ली गई। आंगनबाड़ी केंद्र पर पंजीकृत 25 बच्चों में से 22 बच्चे मौजूद मिले। इस अवसर पर अध्यक्ष ने दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यह स्कूल निपुण स्कूल है। इस स्कूल में सभी 19 पैरामीटर भी कायाकल्प में संतृप्त है। निरीक्षण के समय अंशुल चौहान जिला प्रोबेशन प्रोबेशन अधिकारी, बाबर खान जिला कार्यक्रम अधिकारी, कुमारी कोमल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, कुमारी प्रिंसी खंड शिक्षा अधिकारी शामली, जितेंद्र कुमार मौजूद रहे।
बाल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की
शामली। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा ने विकास भवन में बाल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की। जिला प्रोबेशन अधिकारी अंशुल चौहान ने बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, स्पॉन्सर योजना के विषय में अद्यतन प्रगति के विषय में बताया। अध्यक्ष ने कन्या सुमंगला योजना का ओर अधिक प्रचार- प्रसार करके अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इसके लिए मुख्य चिकित्साधिकारी व जिला कार्यक्रम अधिकारी को आशाएं, एएनएम व आंगनबाड़ी के माध्यम से आवेदन कराने की बात कही। संवाद