शामली । जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर अपर जिलाधिकारी सत्येन्द्र सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और दुर्घटना प्रभावित स्थानों पर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एडीएम ने बाईपास/बलवा बाईपास पर प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण कार्य में तेजी लाने और अन्य पर सुरक्षा के लिए कवर्ड मिरर लगाने के निर्देश दिए। ये कार्य पहले से कुछ स्थानों पर लागू हो चुका है। कोहरे और दृश्यता कम होने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए एडीएम ने वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने और दुर्घटना रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई करने के लिए सख्त हिदायत दी। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि पेट्रोल पंपों पर नो हेलमेट, नो फ्यूल नियम का कड़ाई से पालन कराया जाए। साथ ही, यमुना नदी के सेतु के दोनों ओर सुरक्षात्मक मजबूत जाल लगवाने का काम भी शीघ्र पूरा किया जाएगा। बैठक में अपर अभियंता लोक निर्माण विभाग राजकुमार, सहायक अभियंता दीपेंद्र जायसवाल, एआरटीओ रोहित राजपूत मौजूद रहे।