कैराना। लॉकडाउन में ओवर रेटिंग रोकने के लिए डीएम ने सभी सब्जी व किराना विक्रेताओं की दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा कराई गई है। इसके बावजूद भी कुछ दुकानदारों द्वारा ओवर रेटिंग की शिकायतें मिल रही है।
सोमवार सुबह एसडीएम देवेंद्र सिंह और सीओ प्रदीप सिंह ने शामली बस स्टैंड के निकट बेगमपुरा बाजार में दो किराना की दुकानों पर पहुंचकर जांच की। जांच में दोनों दुकानदारों ने ग्राहकों को रेट लिस्ट से अधिक मूल्य पर दाल बेचना पाया गया। एसडीएम ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी व बाट माप विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर दोनों दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीएम देवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों दुकानों पर ओवररेटिंग पाए जाने पर बाट माप विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सभी दुकानदारों को निर्धारित रेट पर ही सामान बेचने और दुकानों के बाहर रेट लिस्ट चस्पा करने के निर्देश दिए गए है। इनका उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।