शामली। पंचायत चुनाव में नामांकन के दौरान डीएम और एसपी ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नामांकन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग एवं कोरोना से बचाव के लिए प्रोटोकाल का पालन करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को डीएम जसजीत कौर और एसपी सुकीर्ति माधव ने विकास खंड शामली, थानाभवन व ऊन का भ्रमण कर नामांकन की व्यवस्थाएं देखी। उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए कतार में लगे हुए लोगों के मास्क न पहने होने पर ऐसे सभी लोगों को मास्क पहनने और एक-दूसरे से सोशल डिस्टेंसिंग पर खड़े होने की हिदायत दी। उन्होंने सहायक निर्वाचन अधिकारियों से नामांकन प्रक्रिया के दौरान हो रही दिक्कतों के बारे में जानकारी ली। डीएम ने ब्लॉकों पर सभी लोगों को अनिवार्य रूप से मास्क पहनने के बाद ही मुख्य प्रवेश देने की बात कही। प्रवेश द्वार पर कोविड-19 के दृष्टिगत बनाई गई हेल्प डेस्क पर कार्य कर रहे कर्मचारियों को सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण करने के लिए निर्देशित किया गया। एसपी ने पुलिस को निर्देशित किया कि ब्लॉक में पहुंचने वाले लोगों से उचित दूरी बनाकर कार्य किया जाए।
-----------------
विद्युत विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की न लगाएं ड्यूटी
शामली। कोरोना के बढ़ते संक्रमण एवं पंचायत चुनाव में विद्युत आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अलावा विभाग के वाहनों को चुनाव ड्यूटी से अलग रखने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि विद्युत विभाग आपातकालीन एवं आवश्यक सेवाएं प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोविड-19 के बढ़ते लहर के कारण सरकार के महत्वपूर्ण निर्देशों के अनुपालन में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों यथा डिस्पेंसरी, नर्सिंगहोम, सरकारी अस्पतालों में विद्युत आपूर्ति सुचारू बनाये रखना अति आवश्यक है। इसे देखते हुए विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं वाहनों को पंचायत चुनाव से संबंधित किसी भी ड्यूटी में न लगाया जाए।
-------------