कैराना(शामली)। बकरे चोरी कर इनोवा कार से फरार हो रहे दो बदमाशों की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए, जबकि एक दरोगा के हाथ में भी गोली लगी है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से चोरी किए गए 7 बकरे-बकरी, अवैध हथियार, घटना में प्रयुक्त इनोवा कार व तीन फर्जी नंबर प्लेट बरामद की हैं। पुलिस ने घायल दोनों बदमाशों व दरोगा को अस्पताल में भर्ती कराया।
12 नवंबर को ग्राम काकौर निवासी नूरा के प्लॉट से तीन बकरी चोरी कर ली गई थीं। इसके अलावा बुधवार रात मोहल्ला अफगानान निवासी शमीम व ताजूद्दीन के कमरों के ताले तोड़कर चार बकरे चोरी कर लिए गए थे। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर लिए थे। वहीं एसपी अभिषेक ने घटनाओं के जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे पानीपत बाईपास पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बदमाशों की इनोवा कार को घेर लिया। इसी दौरान पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से दो शातिर बदमाश कर्मवीर निवासी मोहल्ला डोलेवाल, प्रभात नगर गली नंबर 6, थाना सेक्टर 6 लुधियाना, पंजाब व दिलीप निवासी ग्राम महाराज नगर थाना भोपा जनपद मुजफ्फरनगर हाल निवासी लुधियाना घायल हो गए। वहीं बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर की गई फायरिंग में पंजीठ पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई सुरेशवीर सिंह भी घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को कैराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से चोरी किए गए सात बकरे-बकरी, एक तमंचा 315 बोर, चार जिंदा कारतूस 315 बोर, घटना में प्रयुक्त इनोवा कार व अलग-अलग राज्यों की तीन फर्जी नंबर प्लेट बरामद की हैं। एसपी अभिषेक ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार एक बदमाश का जनपद सहारनपुर व मुजफ्फरनगर में चोरी का अपराधिक इतिहास है। दूसरे बदमाश के खिलाफ मुजफ्फरनगर में आर्म्स एक्ट, चोरी व जानलेवा हमले के मुकदमे दर्ज हैं।
- दिन में रेकी, रात को चोरी
पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाशों ने बताया कि वह ग्राम मवी में सोनू के घर पर रुके हुए थे, उनका एक साथी दिन में घूम फिर कर आसपास रेकी करता था। फिर हम रात के समय रेकी में चुने गए घरों से बकरियां चोरी करते थे।
- इनोवा कार पर लगाते थे फर्जी नंबर प्लेट
बदमाशों ने बताया कि चोरी की गई बकरियों को इनोवा कार में भरकर ले जाते थे। कार पर फर्जी नंबर प्लेट बदल-बदल कर घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने कल रात मोहल्ला अफगानान कैराना में दो घरों से चार बकरे चोरी किए थे। कुछ दिन पहले उन्होंने काकौर गांव से भी बकरियां चोरी की थी। आज वह चोरी की गई बकरियों को बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उनको मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
- लग्जरी कार में ले जाई जा रही थीं बकरियां
गिरफ्तार बदमाश दिलीप ने बताया कि कर्मवीर पंजाब में टैक्सी चलाने का काम करता है। चार-पांच दिन पहले वह कैराना आए थे, मवी में एक जानकार के यहां किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे। पकड़ी गई इनोवा कार कर्मवीर की है, जो लुधियाना में टैक्सी में चलने का काम करता है। बदमाश ने बताया कि बकरी चोरी करने के बाद वह आसपास की मंडी में बेचते थे।