शामली। हरियाणा के पानीपत जिले की थाना सेक्टर 13-17 की पुलिस टीम ने शामली में दबिश देकर चोरी के मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है। लेकिन पकड़े जाने के कुछ समय बाद युवक पुलिस हिरासत से भाग गया। बाद में पुलिस ने आरोपी के पिता को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी खुद ही पुलिस के पास आ गया। पुलिस आरोपी को लेकर पानीपत के लिए चली गई।
बृहस्पतिवार दोपहर पानीपत जिले की सेक्टर 13-17 थाना पुलिस टीम ने शहर के मोहल्ला पंसरियान में दबिश देकर चोरी के मामले में रोहित उर्फ कालिया को हिरासत में लिया। बताया गया कि पुलिस जब युवक को गाड़ी में बैठा रही थी, तो युवक दूसरी तरफ की खिड़की के कूदकर भाग गया। पुलिस ने आरोपी को तलाश भी किया, मगर वह हाथ नहीं लग पाया। इसके बाद पुलिस ने युवक के पिता को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कहा कि आरोपी के आने तक पिता को नहीं छोड़ा जाएगा। पिता के पकड़े जाने की जानकारी मिलने पर थोड़ी देर बाद ही युवक मौके पर आ पहुंचा। इसके बाद पुलिस पिता-पुत्र को गाड़ी में लेकर शहर कोतवाली पहुंची। इस मामले में पानीपत पुलिस के उप निरीक्षक यूसुफ की तरफ से शहर कोतवाली में आमद दर्ज कराई है। पानीपत पुलिस ने बताया कि उनके यहां एक घर से लाखों रुपये की नकदी चोरी होने की घटना हुई है। उनके थाने पर चोरी का मामला दर्ज है। इस घटना में रोहित का नाम प्रकाश में आया है। पूछताछ के लिए युवक को हिरासत में लिया गया है। उनके थाने पर चोरी का मामला दर्ज है। बाद में पुलिस टीम युवक को अपने साथ ले गई और उसके पिता को छोड़ दिया। शहर कोतवाली प्रभारी समय सिंह अत्री का कहना है कि पानीपत पुलिस चोरी के मामले में पंसारियान निवासी एक युवक को पकड़कर अपने साथ ले गई है।