संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने कोतवाली के एक दरोगा पर छेड़छाड़ करने वाले मंदिर कमेटी के प्रधान पर कोई कार्रवाई न करने व उसके पति व भाई को थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाते हुए एसपी से गुहार लगाई है।
महिला मंगलवार को अपने परिजनों के साथ पुलिस आफिस पहुंची तथा प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि उसका पति एक व्यापारी के यहां नौकरी करता है। उसके पति के व्यापारी पर मजदूरी के पैसे बकाया हैं। छह जून को उक्त व्यापारी ने उसे पति के बकाया पैसे देने के लिए मंदिर के कमरे में बुलाया, वह अपने पति को बताकर मंदिर पहुंची जहां उक्त व्यापारी ने उसे जबरन कमरे के अंदर खींचने का प्रयास किया तथा विरोध करने पर उसके साथ धक्का-मुक्की करते हुए जातिसूचक शब्दों से अपमानित भी किया।
व्यापारी ने उसके पति की हत्या करने की भी धमकी दी। व्यापारी खुद को एक मंदिर समिति का प्रधान बताता है। उसने बताया कि विगत दिवस कोतवाली का एक दरोगा पुलिसकर्मियों के साथ उसके घर पहुंचा तथा उसे रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली चलने को कहा लेकिन उसने इंकार कर दिया। महिला का आरोप है कि दरोगा ने जबरन उसे गाड़ी में बैठा लिया तथा कोतवाली ले आया तथा उसके पति व भाई के साथ मारपीट की जिसमें उसका पति व भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पीडि़ता ने एसपी से मामले की जांच कराकर छेड़छाड़ के आरोपी व्यापारी व मारपीट करने वाले दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।