-मदरलैंड स्कूल में एनसीसी कैडेट्स का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का चौथा दिन
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। मदरलैंड पब्लिक स्कूल में 85 यूपी बटालियन एनसीसी शामली के तत्वावधान में चल रहे वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को योगाभ्यास कराया गया। साथ ही शारीरिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शिविर के चौथे दिन जिला यातायात प्रभारी संजय राणा ने यातायात और सड़क सुरक्षा अभियान के तहत कैडेट्स को यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ड्राइविंग करते हुए हमें क्या-क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। रोजाना हजारों लोग सड़कों पर अपनी या सामने वाले की यातायात नियमों का पालन न करने के कारण काल के ग्रास में समा जाते हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाने के बाद भी लोग जानबूझकर गलतियां करते हैं और उसका खामियाजा या तो उन्हें स्वयं या सामने वाले को उठाना पड़ता है। आजकल के युवा 18 वर्ष की आयु सीमा पार करने से पहले ही ड्राइविंग करने लगते हैं और जोश में ओवर स्पीड ड्राइविंग, ट्रिपल ड्राइविंग या बाइक से स्टंट करते वक्त दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। इसलिए सभी को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।
इस अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल एसएन ठाकुर ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी कैडेट होने के नाते आपका नैतिक दायित्व बनता है कि आप अपने आसपास रहने वाले लोगों को यातायात नियमों के पालन करने के लिए समझाएं। साथ ही जागरूकता अभियान चलाकर समाज के सभी वर्गों को सड़क सुरक्षा अभियान से जोड़ने का कार्य करें। कैंप एडज्यूटेंट कैप्टन केपी सिंह ने कैडेट्स को मिलिट्री हिस्ट्री विषय पर संबोधित करते हुए आजादी के बाद पाकिस्तान और चीन के साथ हुए युद्धों के संबंध में विस्तार से बताया। उन्होंने इन युद्धों में मां भारती की रक्षा करते हुए लड़ने वाले बहादुरों की जांबाजी के किस्सों को बताया कि किस प्रकार बहादुरी से लड़ते हुए उन्होंने अपने प्राण न्योछावर कर दिए, जिसके लिए उन्हें देश का सर्वोच्च सम्मान परमवीर चक्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट विपिन कुमार, लेफ्टिनेंट प्रदीप कुमार, सेकेंड ऑफिसर डॉ़ विजय कुमार, थर्ड ऑफिसर लक्ष्मी गर्ग, सूबेदार मेजर तिलक राज, सूबेदार दिगंबर सिंह, नायब सूबेदार महेश, हवलदार कपिल, विजय, रणवीर सिंह, संजीव पंवार, स्वाति, मंजीत सिंह, सुशील, जयेंद्र सिंह, योगेंद्र कुमार मौजूद रहे।