शामली। अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह के तीसरे दिन अग्निशमन अधिकारियों ने शामली डिस्टलरी में मॉक ड्रिल कर कर्मचारियों को आग से सुरक्षा करने संबंधी जानकारी दी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों, स्कूल, पेट्रोल पंप आदि पर लोगों को जागरूक करते हुए पत्रकों का वितरण किया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि शनिवार को तीनों तहसील क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा संबंधी जन जागरूकता अभियान चलाया गया। शामली डिस्टलरी एंड केमिकल वर्क्स में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। सीएफओ और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी आलोक सिंह और अग्निशमन टीम ने मॉक ड्रिल के दौरान डिस्टलरी में स्थापित सभी अग्निशमन उपकरणों व व्यवस्थाओं का संचालन कराया गया। इस दौरान डिस्टलरी के स्टाफ को अग्नि सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई। तहसील ऊन के ग्रामीण क्षेत्र में किसानों, स्कूलों, पेट्रोल पंपों, पुलिस चौकी आदि पर फायर सर्विस यूनिट द्वारा लोगों को अग्निकांडो को रोकने और आग से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया और पत्रक वितरित किए। तहसील कैराना क्षेत्र में भी फायर सर्विस यूनिट कैराना ने पुलिस थानों पर जन जागरूकता अभियान चलाया।