चौसाना। औषधि निरीक्षक के आने की सूचना मिलने पर कस्बे के सभी मेडिकल स्टोर कार्रवाई के डर से बंद हो गए। यह सूचना सोशल मीडिया के व्हाट्सअप ग्रुप पर वायरल हुई थी। जब औषधि निरीक्षक कस्बे में नहीं पहुंचीं तो देर शाम को मेडिकल स्टोर खुलने शुरू हुए।
बताया कि औषधि निरीक्षक शामली का चौसाना के गांव गढ़ी हसनपुर में नए मेडिकल स्टोर का निरीक्षण करने के लिए आना था, जिसकी सूचना पहले ही चौसाना मेडिकल स्टोर संचालकों को व्हाट्सअप ग्रुप चौसाना मेडिकल एसोसिएशन से मिल गई। इसमें एक ग्रुप एडमिन ने पोस्ट किया, जिसमें लिखा था कि ड्रग्स इंस्पेक्टर इस समय चौसाना के आसपास हैं। मैसेज वायरल होते ही मेडिकल स्टोर संचालकों ने एक-दूसरे को फोन करना शुरू कर दिया। इसके बाद धड़ाधड़ शटर गिर गए। शाम तक कस्बे के सभी मेडिकल स्टोर बंद रहे।
एआरटीओ शामली की भी हुई थी रैकी
चौसाना। कुछ समय पहले एआरटीओं की जीपीएस से रेकी का मामला सामने आया था। इसके बाद जनपद के अधिकारियों की गोपनीय पर सवाल उठने शुरू हो गए थे। इस मामले में दर्ज मुकदमे में सौ से अधिक लोगों पर कार्रवाई भी की गई थी। औषधि निरीक्षक के आने की सूचना विभाग के ही किसी कर्मचारी द्वारा मेडिकल स्टोर संचालक को दी गई होगी। इसके बाद ग्रुप एडमिन ने खबर को वायरल कर दिया। औषधि निरीक्षक के आने की सूचना व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।