शामली। कोरोना काल में इस बार पेराई सत्र सादगी से मनाया जाएगा। जिले की राणा समूह की ऊन और बजाज समूह की थानाभवन चीनी मिल में रविवार से गन्ना पेराई सत्र पूजा अर्चना के साथ शुरू होगा।
बजाज समूह की थानाभवन चीनी मिल के यूनिट हैड वीरपाल सिंह, गन्ना महाप्रबंधक जेबी तोमर ने बताया कि थानाभवन मिल परिसर में शनिवार को 24 घंटे का अखंड रामायण पाठ शुरू हो गया है। दोपहर 12 बजे विधि विधान से पूजा अर्चना होगी। दो बजे गन्ना यार्ड में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ होगा। शाम के समय चीनी मिल चालू हो जाएगी। मिल की ओर छह हजार क्विंटल गन्ने की खरीद हो चुकी है। एक लाख से ज्यादा इंडेंट जारी किया जा चुका है। कोरोना काल को देखते हुए पेराई पूजा के दौरान मिल में गन्ना लाने वाले किसान और अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
ऊन मिल के गन्ना महाप्रबंधक अनिल अहलावत ने बताया कि ऊन मिल में सुबह दस बजे पेराई पूजा, तीन बजे मिल को चालू किया जाएगा। एक लाख 20 हजार क्विंटल गन्ने का इंडेंट जारी हो चुका है। दस हजार क्विंटल खरीदा जा चुका है। दोनो चीनी मिलों में रविवार को किसान अथवा खरीद केंद्रों से गन्ना आएगा।
नौ दिन का 17 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान भेजा
शामली। सरशादी लाल समूह की अपर दो आब चीनी मिल के गन्ना महा प्रबंधक कुलदीप पिलानिया ने बताया कि 26 फरवरी से लेकर छह मार्च तक मात्र नौ दिन का 17 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान शामली गन्ना सहकारी समिति को भेज दिया है। शामली मिल का गन्ना पेराई पूजन पांच नवंबर को होगा। एक नवंबर को गन्ने का दूसरा इंडेंट समिति को भेजा जाएगा।