पालिका की बोर्ड बैठक में 16.60 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पारित
-
शामली। नगर पालिका परिषद शामली की बोर्ड बैठक में शहर में 16.60 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के प्रस्ताव पारित हुए, जबकि जल मूल्य वसूली का प्रस्ताव बोर्ड ने एक बार फिर अस्वीकृत कर दिया। बैठक के दौरान पालिका की चेयरपर्सन मौजूद न होने के कारण बोर्ड ने सभासद सुशीला देवी को बोर्ड कार्रवाई के लिए नामित किया। बैठक के दौरान सभासदों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।
बृहस्पतिवार को नगरपालिका सभागार में बोर्ड बैठक हुई। अपरिहार्य कारणों से पालिका चेयरपर्सन अंजना बंसल ने बैठक में नहीं पहुंच पाईं। सर्वसम्मति से बोर्ड ने वार्ड एक की सभासद सुशीला देवी को बोर्ड बैठक की कार्यवाही हेतु नामित किया। अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र सिंह के अवकाश पर होने के कारण उनके स्थान पर कार्यभार देख रहे सफाई एवं खाद्य निरीक्षक आदेश सैनी के संचालन में हुई बैठक में प्रस्ताव संख्या एक से 20 तक और प्रस्ताव संख्या 22 से 35 तक सभी सर्वसम्मति से पारित हुए।
जल मूल्य वसूली संबंधी प्रस्ताव संख्या 21 को सभासदों ने जनता पर बोझ न बढ़ाने की बात कहते हुए सर्वसम्मति से निरस्त कर दिया। इससे पहले भी जल मूल्य का प्रस्ताव बोर्ड ने खारिज किया था, जबकि शासन के निर्देश हैं कि जल मूल्य वसूल किया जाए। बैठक में जलकल विभाग के 15वें वित्त से 60 लाख रुपये के प्रस्ताव और निर्माण विभाग में 14वें व 15वें वित्त आयोग से 16 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के प्रस्ताव पारित किए गए। अन्य प्रस्तावों में सभासद मालिनी गर्ग के वॉटरफाल का सुंदरीकरण व मुख्य मार्गों के मध्य स्थायी रूप से डिवाइडर लगाए जाने के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुए।
सभासद अनिल उपाध्याय द्वारा वार्ड में विकास संबंधी रखे गए सभी आठ प्रस्ताव पारित हुए। सभासद पंकज गुप्ता ने कहा कि सीएम पोर्टल पर की गई शिकायत पर तत्काल कार्रवाई होती है, जबकि सभासद द्वारा शिकायत की जाती है तो उस पर कार्रवाई नहीं होती। इसे लेकर कुछ सभासदों के बीच नोकझोंक भी हुई। इसके अलावा सभासदों ने आउटसोर्सिंग ठेके की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
बैठक में ये रहे मौजूद
सभासद रीटा देवी, सपन मोहन, गुलजार, राजीव कुमार, सायरा बानो, महेश धीमान, रीना, राजीव निर्वाल, पूनम, परमेंद्र निर्वाल, पंकज गुप्ता, लोकेश सैनी, आस मोहम्मद, साहिदा, अनिल उपाध्याय, हाजी खालिद, राशिदा, सविता, किरण, संजीव देशवाल, आशुतोष पंवार, विनोद कुमार, मालिनी गर्ग, कंवरवीर कांबोज, सुरेश चंद शर्मा, अवर अभियंता मनोज कुमार, लिपिक अनिल शर्मा, अमित कुमार, प्रदीप कुमार, लक्ष्मण सिंह आदि मौजूद रहे।
शामली नगरपालिका में आयोजित बोर्ड बैठक में भाग लेतीं महिला सभासद और पालिका अधिकारी।- फोटो : SHAMLI