शामली मौहल्ला मनिहरान में टूटी पडी सडक
शामली। शहर के मोहल्ला राजोवाला वार्ड 18 में तोड़ी गई सड़क का एक माह बाद भी निर्माण न होने से नागरिक परेशान है। नागरिकों का कहना है कि सीसी की सड़क ठीक होने के बाद भी तोड़ा गया है। अब नगरपालिका द्वारा सीसी की न बनाकर इंटरलॉक की सड़क बनाने का विरोध करते हुए नागरिकों ने नगरपालिका का बहिष्कार करने संबंधी पर्चे अपने मकानों के बाहर चस्पा कर दिए है।
शहर के मोहल्ला राजोवाला में चौदस वाले मंदिर वाली सड़क को नगररपालिका के ठेकेदार ने करीब एक माह पहले तोड़ दिया गया था। मोहल्ला निवासी सलमान, शाहनवाज, सुल्तान, दिलशाद व हसन आदि ने बताया कि उन्होंने आरसीसी की सड़क ठीक होने के कारण तोड़ने से मना कर दिया था। आरोप है कि इसके बाद भी सही सलामत सड़क को तोड़ दिया गया। अब ठेकेदार इसको सीसी के बजाए इंटरलॉक से बनाने की बात कह रहा है।
लोगों ने कहा कि सड़क को दोबारा सीसी ही बनाया जाए। आरोप है कि नगरपालिका उनकी मांग पर ध्यान नहीं दे रही है और एक माह से सड़क टूटी पड़ी है। सड़क टूटी होने से आने जाने में परेशानी हो रही है और कई बार गिरकर बच्चे व बड़ों को चोट लग रही है। नागरिकों का आरोप है कि सड़क टूटी होने से मोहल्ले में सफाई न होने से गंदगी फैली हुई है।
पूर्व में नगरपालिका को सौंपा था पत्र
मोहल्ला राजोवाला के नागरिकों का कहना है कि उन्होंने पूर्व में भी नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी रामेंद्र सिंह को मोहल्लेवासियों के हस्ताक्षरयुक्त पत्र दिया था, जिसमें सड़क को ठीक होने के बाद भी तोड़ने और इस सड़क को इंटरलॉक के बजाए सीसी की बनाने की मांग रखी थी। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी ने ठेकेदार के साथ मौके पर जाकर जानकारी ली थी। इसके बाद भी आज तक सड़क का निर्माण नहीं कराया गया।
मोहल्ला राजोवाला में इंटरलॉक से सड़क का निर्माण होना प्रस्तावित है। डीएम के यहां से इसकी स्वीकृति हो चुकी है। जिस समय सड़क तोड़ी गई थी। उस समय किसी ने सड़क को ठीक बताकर तोड़ने से मना नहीं किया और न ही विरोध किया। अब मोहल्ले वाले ही सड़क का निर्माण करानेे से रोक रहे हैं। एक दो-दिन में सड़क का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। - अरविंद संगल, अध्यक्ष नगरपालिका परिषद शामली