यातायात नियमों का पालन जरूरी
शामली। सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। प्रचार प्रसार कर लोगों को जागरूक किया जाए।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सांसद ने कहा कि सड़क पर चलते समय मोबाइल फोन पर बात न करने और शराब पीकर वाहन न चलाने समेत सभी यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। इसके लिए प्रचार प्रसार कर लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने जनपद में चिन्हित 12 ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाएं रोकने को कार्य योजना बनाएं। ट्रैक्टर, ट्राली में रिफ्लेक्टर लगाए जाए। सड़क पर चलने वाला हर व्यक्ति यातायात के सभी नियमों का पालन करे। स्कूलों में बच्चों और उनके अभिभावकों को भी जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि यातायात के सभी कार्यक्रमों को गंभीरता से लेकर सफल बनाएं। सांसद ने एनएचएआई के अधिकारियों से बाईपास निर्माण कार्य मेें तेजी लाने के निर्देश दिए।
एआरटीओ मुंशीलाल ने बताया कि पिछले साल की सापेक्ष सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई हैं। एक अप्रैल से 31 दिसंबर तक 27590 वाहनों के चालान की कार्रवाई कर दो करोड़ 26 लाख रुपये समन शुल्क वसूला गया है। सांसद ने कलक्ट्रेट परिसर से यातायात जागरूकता के लिए एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर डीएम जसजीत कौर, एएसपी राजेश श्रीवास्तव, एआरएम रोडवेज मनोज वाजपेयी, यात्री कर अधिकारी राजेंद्र श्रीवास्तव, यातायात प्रभारी भंवर सिंह मौजूद रहे।