दो दिन में तालाबों से हटवाएं अवैध कब्जे
शामली, कैराना, ऊन। ऊन तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मंडलायुक्त एवी राजमौली ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी ऊन, अवर अभियंता पीडब्ल्यूडी, परिवहन विभाग का कोई कर्मचारी न होने के कारण स्पष्टीकरण मांगा है। विद्युत निगम के एसडीओ के समस्याओं का समय पर निस्तारण न करने पर नाराजगी जताई।
ऊन तहसील सभागार में मंगलवार को एसडीएम मणि अरोरा की अध्यक्षता में चल रहे संपूर्ण समाधान दिवस में मंडलायुक्त एवी राजमौली ने पहुंचकर फरियादियों की शिकायत सुनीं। विभाग वार सुनवाई करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ऊन, अवर अभियंता पीडब्ल्यूडी से कार्यों को लेकर स्पष्टीकरण मांगा। ईओ को नगर पंचायत में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग का कोई कर्मचारी न होने के कारण एआरटीओ से जवाब तलब किया। गांव में आवासों के लिए कैंप न करने पर प्रभारी बीडीओ मुकेश कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
दुल्ला खेड़ी निवासी सीमा द्वारा शौचालय की शिकायत पर मंडलायुक्त ने सचिव का फोन मिलवाया तो सचिव का फोन बंद मिला। जिस पर सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि व विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ऊन में तालाब से कब्जा हटवाने के आदेश दिए। एसडीएम को लेखपालों व ग्राम विकास अधिकारियों की बैठक बुलाकर तालाबों पर अतिक्रमण हटवा कर 24 घंटे के अंदर प्राक्कलन तैयार कर मनरेगा के अंतर्गत खुदाई शुरू कराने के निर्देश दिए। पेयजल की शिकायत पर जलनिगम के अधिशासी अधिकारी को स्पष्टीकरण के निर्देश दिए। इस मौके पर कुल 40 शिकायतें प्राप्त हुई। जिनमें से एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया।
- बंधक 39 मजदूरों को मुक्त कराने की मांग
कैराना। तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम जसजीत कौर ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल 48 शिकायतें आयीं जिनमें से छह शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया। गांव बरनावी निवासी महिला प्रवीण ने शिकायत की कि कांधला क्षेत्र के एक भट्ठे पर 39 श्रमिकों को बंधक बना रखा है। राष्ट्रीय मानावाधिकार से शिकायत पर 15 फरवरी को श्रमिकों को मुक्त कराने के निर्देश दिए थे। डीएम ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को मामले का समाधान कराने के आदेश जारी किए। तीतरवाडा विद्यालय में सफाई कर्मचारी नियुक्ति की मांग, खंदरावली व कंडेला में चक रोड पर अवैध कब्जे की शिकायत आई। डीएम ने तहसील का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, एसडीएम उद्भव त्रिपाठी, तहसीलदार प्रवीण कुमार, सीओ जितेंद्र कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।