संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत बिना मैपिंग वाले मतदाताओं को नोटिस दिए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि अगर किसी मतदाता को नोटिस नहीं मिला है तो वह ऑनलाइन अपना नोटिस डाउनलोड कर सकता है। तीन विधानसभाओं में 1.86 लाख वोटरों को नोटिस जारी हो रहे हैं।
भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in से नोटिस देखे जा सकते हैं। मतदाता ऑनलाइन ही नोटिस का जवाब दे सकते हैं। वहीं सुनवाई के लिए मतदाता अपने अधिकृत प्रतिनिधि को भी सुनवाई के लिए भेज सकता है। चुनाव आयोग के नोटिस को लेकर मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें दस्तावेजों को लेकर भ्रम की स्थिति है। ऐसे में निर्वाचन आयोग ने दस्तावेजों की सूची भी जारी की है। मतदाता इनमें से किसी एक दस्तावेज के साथ सुनवाई में शामिल हो सकते हैं।
सुनवाई के लिए अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तैनात किए गए है। सदर तहसील के साथ नगर निगम में भी बूथवार सुनवाई हो रही है। जिला निर्वाचन कार्यालय प्रभारी विनय कुमार भदौरिया का कहना है कि प्रयास है कि सभी को घर-घर नोटिस भिजवाए जाए। लोगों को परेशानी नहीं हो। ऑनलाइन भी नोटिस देखे जा सकते हैं।