शामली में गन्ना मिल के अधिकारियों की बैठक लेती डीएम।
- फोटो : SHAMLI
शामली। डीएम जसजीत कौर ने जिले की सभी चीनी मिलों की पिछले साल के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा करते हुए कहा कि जल्द से जल्द किसानों को बकाया गन्ना भुगतान किया जाए। बकाया गन्ना भुगतान न करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को कलक्ट्रेट में डीएम जसजीत कौर ने अपने कार्यालय में जिले की शामली, ऊन एवं थानाभवन चीनी मिलों के अफसरों के साथ बैठक करके पेराई सत्र 2019-20 अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा की। जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह ने पेराई सत्र 2019-20 के भुगतान के संबंध में अवगत कराया कि शामली चीनी मिल 388.54 करोड़ के सापेक्ष अभी तक 292.92 करोड़ का भुगतान किया गया है। ऊन चीनी मिल ने 337.22 करोड़ के सापेक्ष अब तक 225.66 करोड़ का भुगतान किया है। थानाभवन चीनी मिल 490.82 करोड़ रुपये के सापेक्ष 373.94 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है। जिले की सभी चीनी मिलों द्वारा 1216.58 करोड़ के सापेक्ष अब तक 922.53 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है।
डीएम जसजीत कौर ने मिल प्रबंधकों को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द किसानों को बकाया भुगतान किया जाए। किसानों की भुगतान संबंधी समस्या अब सहन नहीं की जाएगी। प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन किसानों के गन्ना भुगतान के प्रति पूरी तरह से गंभीर है। बकाया गन्ना भुगतान न करने वाली मिलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जल्द से जल्द किसानों का बकाया गन्ना भुगतान करें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
बैठक में जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह, शामली चीनी मिल से गन्ना महाप्रबंधक कुलदीप पिलानिया, गन्ना एकाउंट हैड विजित जैन, थानाभवन चीनी मिल से यूनिट हैड वीरपाल सिंह, गन्ना महाप्रबंधक जेबी तोमर, गन्ना एकाउंट हैड सुभाष बहुगुणा, ऊन चीनी मिल ऊन से गन्ना महाप्रबंधक अनिल कुमार अहलावत, गन्ना एकाउंट हैड विक्रम, आदि मौजूद रहे।