संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यदि बच्चों को अच्छी शिक्षा, बेहतर चिकित्सा, भरपेट भोजन और सिर पर छत उपलब्ध कराई जाए तथा आमजन विकास की मुख्यधारा से जुड़े तो गांव-गांव तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
यह बात उन्होंने बुधवार को दिल्ली रोड स्थित सिटी ग्रींस में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं विकास प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर कही। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने सूचना विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया।
कृषि विभाग की सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के तहत चयनित किसानों को ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों की चाबियां भी वितरित कीं। स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की जानकारी लेने के साथ ही उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।
कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क के मामले में शामली प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो चुका है और अब यहां से लखनऊ तक की यात्रा पहले की अपेक्षा काफी आसान हो गई है।कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों ने भी विचार रखे।
इस दौरान शामली विधायक प्रसन्न चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामजी लाल कश्यप, पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल, जिलाधिकारी आलोक यादव, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी बृजेंद्र शुक्ल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन मौजूद रहे।