विवाहिता की मौत के मामले में पति गिरफ्तार
शामली, कैराना। एक माह पूर्व अतिरिक्त दहेज के रूप में रुपये व बाइक की मांग से परेशान विवाहिता ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। विवाहिता की मेरठ में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में मृतका के पति को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
21 जून को गांव बुच्चाखेड़ी निवासी संदीप ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा था कि उसने तीन माह पूर्व अपनी बहन गौतम देवी की शादी ग्राम बीनड़ा निवासी मोनू के साथ की थी। शादी में सभी आवश्यक सामान दिया गया था, लेकिन उसकी बहन का पति व अन्य ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के रूप में 51 हजार रुपये व एक बाइक की मांग कर रहे थे। आरोप है कि 21 जून की सुबह करीब साढ़े 10 बजे उसके पति मोनू ,ससुर, ननद व देवर ने गौतम देवी से अतिरिक्त दहेज की मांग दोहराई तथा उसे प्रताड़ित किया। परेशान होकर उसकी बहन ने जहरीला पदार्थ पी लिया। हालत बिगड़ने पर उसको शामली के एक नर्सिंगहोम में ले गया। यहां से उसे मेरठ भेज दिया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने आरोपी पति मोनू, ससुर विजयपाल, ननद व देवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। पुलिस ने मंगलवार दोपहर दहेज फरार चल रहे मोनू को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।