शामली। गेहूं खरीद के लिए निर्धारित समय पूरा होने में सिर्फ पांच दिन शेष रह गए हैं। मगर अभी तक निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष सिर्फ 84,673 क्विंटल गेहूं की खरीद हो पाई है। जबकि खरीद 1,82000 क्विंटल करनी है। खरीद केंद्रों पर अब इक्का-दुक्का किसान ही गेहूं बेचने पहुंच रहा है।
जिला प्रशासन ने एक अप्रैल से 21 खरीद केंद्र खोलकर गेहूं की खरीद की व्यवस्था शुरू कराई थी। शासन ने जिले का गेहूं खरीद का लक्ष्य एक लाख 82 हजार क्विंटल निर्धारित किया था। मई के प्रथम सप्ताह में गेहूं खरीद में तेजी आई थी, लेकिन उसके बाद खरीद में गिरावट आती गई।
71वें दिन जिले के सभी खरीद केंद्रों में 84, 673 क्विंटल गेहूं की खरीद हो पाई है। जिसमें खाद्य विभाग द्वारा 22, 643 क्विंटल, पीसीएफ द्वारा 55, 971 क्विंटल, भारतीय खाद्य निगम द्वारा 6058 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है।
उप क्षेत्रीय विपणन अधिकारी (आरएमओ) निहारिका ने बताया कि गेहूं की खरीद में अब गिरावट हो रही है। प्रतिदिन गेहूं की आवक घटकर मात्र 500 क्विंटल रह गई है।
अभी तक 3976 किसानों से 13,75,93,625 रुपये का गेहूं खरीदा गया है। गेहूं खरीद का भुगतान किसानों को कर दिया गया है। गेहूं खरीद 15 जून तक होगी। गेहूं खरीद में सिर्फ पांच दिन शेष पांच दिन हैं, शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य पूरा होने में कठिनाई होगी।