थानाभवन। सीएम ने 15 जून तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का आदेश दिया, लेकिन गन्ना विकास, चीनी मिल एवं औद्योगिक विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के गृह नगर थानाभवन में ही सड़कों का बुरा हाल है। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे हो या फिर अन्य कई मुख्य मार्ग। सड़कों के गड्ढे भरे नहीं जा सके हैं, जिस कारण लोगों में नाराजगी है।
प्रदेश में भाजपा की सरकार के गठन के साथ ही सीएम ने 15 जून तक सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने के आदेश दिए थे। 10 जून तक भी कस्बा थानाभवन के मुख्य मार्ग दिल्ली सहारनपुर रोड पर रतन सर्विस सेंटर के सामने गड्ढों के कारण आए दिन वाहन चालकों के साथ हादसे हो रहे हैं।
वहीं, पुराने चरथावल बस स्टैंड के सामने और अंबेडकर मार्केट के सामने भी सड़क में गड्ढे हैं। पेट्रोल पंप के पास के दुकानदार पवन कुमार, राजकुमार, आशीष कुमार, विजेंद्र का कहना है पुलिया के पास बने गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
कई बार बाइक पर पीछे बैठी महिलाओं को चोटें आई हैं। शायद अधिकारियों को बड़े हादसे का इंतजार है। गौरतलब है कि राज्य मंत्री सुरेश राणा भी प्रत्येक शनिवार और रविवार को थानाभवन में जनता दरबार में इसी मार्ग से आते जाते हैं।
अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली सहारनपुर हाईवे का निर्माण पूर्व में उत्तर प्रदेश राज्य राजमार्ग प्राधिकरण करा रहा था, लेकिन अब इसे एनएचएआई को भेज दिया गया है। 31 मार्च के बाद से इस सड़क के रख-रखाव की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की है।