कैराना के मोहल्ला खेल कला में घर में आग लगने से जला हुआ सामान देखते परिवार के लोग
- फोटो : SHAMLI
गैस सिलिंडर लीक होने से घर में लगी आग
शामली, कैराना। गैस चूल्हे पर दूध गर्म करते समय सिलिंडर से गैस लीक होने के कारण घर में आग लग गई। गली तंग होने के कारण दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच सकी। मोहल्ले वालों ने आग पर बमुश्किल काबू पाया। लेकिन तब तक लाखों रंपये का सामान जल गया।
मोहल्ला खैलकलां कलालान स्कूल के सामने फलों की ठेली लगाने वाला अनीस अपने परिवार के साथ रहता है। अनीस के बेटे नाजिम की 27 दिन पहले ही शादी हुई थी। शादी में आया सारा नया सामान भी घर में ही रखा था। बुधवार को अनीस व परिवार के अन्य लोग कस्बे में ही एक शादी में शामिल होने के लिए गए थे। घर पर अनीस की पत्नी व पुत्रवधू थी। अपराह्न करीब तीन बजे अनीस की पत्नी गैस चूल्हे पर दूध गर्म कर रही थी। इसी दौरान गैस सिलिंडर से गैस लीक होने के चलते आग लग गई।
पड़ोस के लोगों ने दमकल को सूचना देने के साथ ही आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं गली तंग होने के कारण दमकल की गाड़ी गली में अंदर तक नहीं जा सकी। काफी मशक्कत के बाद मोहल्ले वालों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखे कपड़े, बिस्तर, बेड, फर्नीचर, फ्रिज, वाशिंग मशीन, कूलर, पंखे, रसोई का सामान आदि लाखों का सामान जल गया। वार्ड सभासद मेहरबान ने बताया कि एसडीएम को सूचना दी थी। जिस पर लेखपाल ने आकर आग से हुए नुकसान की जानकारी ली। वहीं पीड़ित अनीस ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की।