दस हजार के बिल पर अंधेरे में डूबा अस्पताल, सुलभ शौचालय से चल रही बिजली
संवाद न्यूज एजेंसी
चौसाना। गढ़ी हसनपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में मात्र दस हजार रुपये का बिजली बिल बकाया होने पर अस्पताल की बिजली सप्लाई बंद हो गई। बताया जा रहा है कि अस्पताल में लगे स्मार्ट मीटर ने बकाया होने के कारण स्वतः ही कनेक्शन काट दिया, जिसके चलते पिछले कई दिनों से अस्पताल नियमित बिजली व्यवस्था से वंचित है। भीषण गर्मी में मरीजों और स्टाफ को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
42 डिग्री तापमान के बीच अस्पताल में पंखे, लाइट और अन्य जरूरी सुविधाएं प्रभावित हो गई हैं। ग्रामीणों के अनुसार अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं, लेकिन बिजली न होने से मरीजों का बैठना तक मुश्किल हो गया है। अस्पताल का संचालन फिलहाल सरकारी सुलभ शौचालय से दी जा रही अस्थायी बिजली के सहारे किया जा रहा है।
ग्राम प्रधान रविंद्र चौधरी के हस्तक्षेप के बाद करीब छह दिन पहले अस्थायी व्यवस्था के तहत सुलभ शौचालय से अस्पताल को बिजली दी गई थी, ताकि सरकारी बजट से बिल जमा होने तक स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों। इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने अस्पताल का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के अस्थायी बिजली प्रबंध की जानकारी सामने आई।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के स्कूल का बिजली कनेक्शन भी पिछले करीब 15 दिनों से बंद पड़ा है। ग्राम प्रधान ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं अवर अभियंता मनोज कुमार का कहना है कि स्मार्ट मीटर होने की वजह से कनेक्शन कटा है, मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और जल्द समाधान कराया जाएगा।