शामली/कैराना। गिर रहे सोने-चांदी के दाम से सराफा कारोबार की स्थिति सुधरने की उम्मीद है। दाम कम होने से बाजार में खरीदार आने शुरू हो गए हैं। साथ ही जिन परिवारों में शादी है, उन्हें भी राहत मिली है। आगामी दिनों में सोने-चांदी के दाम और कम होने की उम्मीद है।
लॉकडाउन के दौरान अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बंद होने के कारण अगस्त 2020 में सोने के दाम 55 हजार 600 रुपये प्रति दस ग्राम तक पहुंच गए थे। उड़ानें शुरू होने व फरवरी में आम बजट में सोने से पांच प्रतिशत आयात शुल्क घटाने के बाद भाव 46 हजार रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गए हैं। करीब एक माह पहले सोने के दाम लगभग 52 हजार रुपये चल रहे थे। इसमें लगभग छह हजार रुपये प्रति दस ग्राम तक की गिरावट आई है।
चांदी के दाम भी लॉकडाउन में 70 हजार रुपये किलो तक पहुंच गई थी। बजट के बाद चांदी के भाव भी 66 हजार रुपये किलो पर आ गए हैं। सोने-चांदी दाम गिरने से सराफा कारोबार को राहत मिली है। खरीदारों को उम्मीद है कि आगामी दिनों में दाम और कम होंगे। आगामी शादी सीजन में अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।
----------------
- सोने-चांदी के दाम जनवरी 2021 में अधिक रहने के बाद फरवरी में बजट आने के बाद कम हुए हैं। यह अच्छी बात है, लेकिन भाव कम होने के बाद भी अभी बाजारों में उतने ग्राहक नहीं हैं। आने वाले दिनों में स्थिति सुधरने की उम्मीद है। - प्रदीप वर्मा उर्फ मुन्ना, सराफा कारोबारी
------------
- लॉकडाउन में सराफा कारोबार खत्म हो गया था। बाद में सोने-चांदी के भाव में तेजी के कारण बाजार ठंडा रहा। अब दाम कम तो हो गए हैं लेकिन बाजार में पहले जैसी स्थिति बहाल नहीं हुई है। - संदीप वर्मा, सराफा कारोबारी
- रमजान के बाद बहन की शादी करने के लिए जेवर बनवाने थे। भाव अब कम होने शुरू हुए। अभी भाव और कम हो सकते हैं। शादी के नजदीक आने पर भी जेवर बनवाउंगा। - आरिफ उर्फ भूरा, कैराना
- बेटी की शादी के लिए जेवर बनवाने हैं लेकिन अभी सोने-चांदी के भाव बहुत अधिक हैं। थोड़ा सा भाव और कम हो जाए तो जेवर खरीदूंगा। - महबूब, कैराना।