शामली। जिले में होली के पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। जिले में 784 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। होलिका की निगरानी के लिए पांच सदस्यीय निगरानी समितियां गठित की गई है।
होली पूजन का पर्व सोमवार को मनाया जाएगा। सुबह के समय जिले में विभिन्न स्थानों पर बनाई गई होलिका की पूजा अर्चना की जाएगी। रात में होलिका दहन किया जाएगा। तीन मार्च को चंद्रग्रहण होने के कारण एक दिन पहले होलिका दहन होगा और दुल्हैंडी का पर्व चार मार्च को मनाया जाएगा। जिले में होली के पर्व को लेकर जहां घरों में तैयारी की गई है, वहीं पुलिस प्रशासन ने भी तैयारी पूरी कर ली गई है। एसपी ने बताया कि जिले में 784 स्थानों पर होलिका दहन स्थलों को चिह्नित किया गया है। होलिका के रखरखाव व देखभाल के लिए उस स्थल के आसपास रहने वाले पांच लोगों की होलिका निगरानी समितियां गठित की गई है।
होलिका दहन के समय बीट कांस्टेबल व चौकीदार की ड्यूटी रहेगी। डीजे को निर्धारित आवाज में बजाने के निर्देश दिए गए हैं। इस बारे में डीजे संचालकों को पहले ही अवगत कराया जा चुका है। होली व दुल्हैंडी पर शांति व्यवस्था के लिए चार जोन व 10 सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। जिले में 1800 पुलिसकर्मियों व पीएसी की ड्यूटी लगाई गई है। 35 क्लस्टर मोबाइल से पूरे जिले में निगरानी की जाएगी। अग्निशमनकर्मी फायर टेंडर के साथ उपलब्ध रहेंगे। खुफिया टीमें व सर्विलांस टीमें भी सक्रिय की गई है।
ये है होलिका पूजन का शुभ मुहूर्त
सुबह 10 बजकर 48 मिनट से दोपहर 12 बजकर 51 मिनट तक
होलिका दहन का शुभ मुहूर्त
रात्रि 11 बजे से 12 बजकर 31 मिनट तक