शामली। तीन मार्च से मनाए जाने वाले होली, दुल्हैंडी त्योहारों पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारी की है। जिले को एक सुपर जोन, तीन जोन और दस सेक्टरों में बांटा गया है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस व पीएसी बल भी तैनात रहेगा।
त्योहारों के साथ-साथ विभिन्न गांवों में पंचायत चुनाव की सरगर्मी भी शुरू हो गई है। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले को एक सुपर जोन, तीन जोन और दस सेक्टरों में बांटा गया है। सुपर जोन की पुलिस व्यवस्था की कमान एएसपी सुमित शुक्ला के हाथ में रहेगी। जोन की व्यवस्था सीओ और सेक्टरों की व्यवस्था थाना प्रभारी संभालेंगे। संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। एसपी ने कहा कि त्योहारों में शांति भंग करने या गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
तेज गति से दुपहिया वाहन चलाना पड़ेगा महंगा
शामली। होली के मद्देनजर जिले के होलिका दहन और महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस ड्यूटी के साथ यातायात पुलिस की व्यवस्था भी की गई है। बैरियर्स लगाकर दुपहिया वाहनों को लापरवाही एवं तेज गति से चलने वाले लोगों पर नजर रखते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई करेगी। एसपी ने बताया कि होली के त्योहार के मद्देनजर शहर में आम आदमी की खरीददारी एवं होलिका दहन के मद्देनजर यातायात परिवर्तन किया जाएगा।यह परिवर्तन गुरुद्वारा तिराहा, विजय चौक, अजंता चौक, आईसीआईसीआई बैंक, करनाल रोड, कांधला में दिल्ली अड्डा, कैराना में कांधला तिराहा से लागू होगा।
खुफिया विभाग भी रहेगा सतर्क
शामली। एसपी ने त्योहारों पर डायल 112 को जिले में निरंतर भ्रमणशील रहकर शांति व्यवस्था बनाए रखने की भी जिम्मेदारी दी है। जिले में खुफिया विभाग भी सक्रिय रहेगा। होलिका दहन व दुल्हेंडी पर तीनों तहसील मुख्यालयों पर फायर टेंडर की व्यवस्था रहेगी, जो आवश्यकता पड़ने पर बचाव एवं राहत कार्य के लिए तत्काल मौके पर पहुंचेगी। जिला मुख्यालय पर सात क्यूआरटी टीमें भी तैनात रहेगी।