शामली। शहर के मेडिकल स्टोर संचालक के पुत्र के धर्मांतरण मामले में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन परिसर में अर्धनग्न होकर दो घंटे तक विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के नाम अलग-अलग दो ज्ञापन सीओ सिटी को देकर इस प्रकरण में दोषी लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की।
हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड के अध्यक्ष ललिल शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सुबह 11 बजे रेलवे स्टेशन परिसर में इकट्ठे हुए। सीओ सिटी जितेंद्र सिंह, शहर कोतवाली और आदर्श मंडी समेत कई थानों की पुलिस रेलवे स्टेशन पर पहुंचे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को बताया कि पुलिस इस मामले को लेकर गंभीर है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इसके बाद पैदल मार्च नहीं किया गया। कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर दो घंटे तक प्रदर्शन किया।
प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने शहर के एक निजी चिकित्सक को धर्मांतरण का मुख्य षड्यंत्रकारी बताते हुए तमाम आरोप लगाए और कहा कि अगर सात दिन के अंदर जांच कर चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई न हुई तो अस्पताल पर ताला लगाकर अर्धनग्न होकर धरना दिया जाएगा। उन्होंने सभी षड्यंत्रकारियों के घरों पर बुलडोजर की कार्रवाई की मांग की।
कहा कि कैराना सांसद इकरा हसन इस मामले में पीड़ित परिवार से आकर नहीं मिली। सांसद ने वोट के लालच में सहारनपुर जाकर डीआईजी को घेरने का काम किया था, लेकिन अब चुप क्यों है। जिलाध्यक्ष दीपक मलिक, जिला उपाध्यक्ष अनुज चौहान, राष्ट्रीय संगठन मंत्री रिया, राष्ट्रीय सचिव कुलबीरी, प्रदेश मंत्री राहुल चौहान, जिला उपाध्यक्ष अमित गिरी, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यगिरी, सत्येंद्र नारायण, हरिओम पाठक, बादल गौतम, अनमोल मित्तल आदि मौजूद रहे।
शामली रेलवे स्टेशन परिसर में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं से वार्ता करती पुलिस। संवाद- फोटो : बहराइच के नाजिरपुरा में लगाया जा रहा बिजली ट्रांसफार्मर।