फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आंधी और ओलावृष्टि से आम को भारी नुकसान

विज्ञापन
शामली मौसम में छाये बादल - फोटो : SHAMLI
विज्ञापन
शामली/कैराना/कांधला। बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश हुई। तेज हवा चलने और ओलावृष्टि होने से आम की फसल को काफी नुकसान हुआ। जिस कारण बागवान चिंतित हैं। इसके अलावा तेज हवा चलने से कई जगह पेड़ टूट कर गिर गए और बिजली के तार टूटने से आपूर्ति ठप हो गई। जिस कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार शाम आंधी के साथ शुरू हुई बारिश रात भर रुक रुककर होती रही। शुक्रवार सुबह भी काले बादल छाए थे। सुबह करीब 10 बजे तो कुछ देर के लिए शहर में अंधेरा छा गया था। इसके बाद कुछ देर बाद बूंदाबांदी हुई। कांधला में ओलावृष्टि भी हुई। मौसम का अधिकतम पारा पांच डिग्री गिरकर 34 डिग्री पहुंच गया। लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश हल्की अधिकांश फसलों के लिए लाभकारी रही। गन्ना, तरबूज, खरबूजे और बेल वाली फल सब्जियों को पानी की पूर्ति भी हो गई है। हालांकि तेज हवा से कच्चा आम टूटने से नुकसान हुआ है। उधर, कैराना के मोहल्ला रेतावाला निवासी बाग ठेकेदार सुक्की ने बताया कि उसने चार लोगों के साथ मिलकर भूरा रोड पर करीब 300 बीघा का बाग ठेके पर लिया है। दो बार पहले भी आंधी व बारिश आ चुकी थी, लेकिन उस समय आम छोटे थे। अब बृहस्पतिवार शाम आंधी व बारिश के कारण उन्हें करीब 15 लाख का नुकसान हो चुका है। वहीं पानीपत रोड निवासी इकबाल ने बताया कि उसने करीब 50 बीघा आम का बाग ठेके पर लिया है। उसे भी करीब 2 लाख का नुकसान हुआ है। झिंझाना के बाग ठेकेदार अलाउद्दीन ने बताया कि उन्होंने 60 बीघा आम का बाग ठेके पर लिया है। दो बार पहले भी नुकसान हो चुका है और फिर आंधी से करीब चार लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। उधर, कांधला में भी आम की फसल को भारी क्षति पहुंची। सुबह बारिश व ओलावृष्टि से भी आम को नुकसान पहुंचा। मोहल्ला शेखजादगान निवासी बाग ठेकेदार पहलवान आबिद ने बताया कि पूर्व में भी बारिश तेज हवा के कारण इस फसल को भारी नुकसान हो चुका है। कस्बे के मोहल्ला खैल निवासी सुलेमान, गांव आल्दी निवासी सोनू, घसौली निवासी रहबर ने बताया कि मौसम की मार से आम की फसल बर्बादी की कगार पर है। देर रात्रि गांव नाला में हाईटेंशन विद्युत तार के टूटने से पूरे दिन सप्लाई बाधित रही।
शनिवार को भी आंधी बारिश की आशंका
शामली। बूंदाबांदी से मौसम का पारा पांच डिग्री गिर गया। बृहस्पतिवार को अधिकतम पारा 39 डिग्री था जो शुक्रवार को 34 रह गया है। न्यूनतम पारा शुक्रवार को 23 डिग्री रहा जबकि बृहस्पतिवार को ये 26 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि शनिवार को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है, तापमान भी 30 डिग्री तक जा सकता है।
विज्ञापन

इस बार लागत भी मुश्किल से निकलेगी
थानाभवन/जलालाबाद। शनिवार रात चली तेज आंधी से आम बागानों को काफी नुकसान हुआ है। आम बागवानों का कहना है कि आंधी पहले ही काफी नुकसान कर चुकी है। अब फसल बढ़नी शुरू हुई, लेकिन बृहस्पतिवार रात आई आंधी में आम झड़ गया। लगता है इस बार लागत भी पूरी नहीं होगी।
ये बोले बागवान
इस साल पांच लाख रुपये का बाग लिया था। लगातार हवा चलने के कारण 70 फीसदी बाग झड़ चुका है। लागत भी पूरी नहीं होगी। - पद्म सिंह
दो लाख रुपये में बाग लिया था। लेकिन जिस तरीके से हवा चल रही है। उससे अनुमान है कि थोड़े बहुत पैसे ही वापस मिल पाएंगे वो यदि भाव सही रहा तो। - सद्दाम शाह
बोले किसान
गेहूं कट चुके हैं। धान की फसल को पानी की जरूरत थी। साथ हो गन्ने में भी सूखे का असर दिखने लगा था। इस बारिश ने फसलों को पानी की पूर्ति कर दी। - ओमकार सिंह
बारिश हो गई। इससे खेतों को काफी फायदा पहुंचा। प्लेज की फसल को भी काफी फायदा मिला है। - अरविंद कुमार
कोट
बारिश से कहीं कोई नुकसान नहीं है। रबी की अधिकांश फसलें कट गई हैं। धान की बुवाई चल रही है, उसके लिए बारिश अच्छी है। पलेज के लिए भी बारिश अच्छी है। कहीं से नुकसान की सूचना नहीं है। - शिव कुमार केसरी, कृषि उपनिदेशक

कैराना में आंधी व बारिश के कारण जमीन पर गिरे आम उठाता बाग ठेकेदार अलाउदीन। - फोटो : SHAMLI

कैराना में भूरा रोड पर बाग में आधी बारिश के कारण जमीन पर बिछे आम- फोटो : SHAMLI

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें