थानाभवन में स्वास्थ्य टीम ने पांच लोगों के सैंपल लिए
थानाभवन। मेरठ मेडिकल में उपचार के दौरान हुई कोरोना पॉजिटिव महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम मंगलवार को उसके घर पहुंची और उसके नवजात बच्चे सहित पांच लोगों के सैंपल लिए। सभी को होम क्वारंटीन कर दिया है।
कस्बा थानाभवन निवासी कोरोना पॉजिटिव महिला की सोमवार को मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। महिला की मुजफ्फरनगर में तीन जून को डिलीवरी हुई थी। 11 जून को बुखार आने पर मुजफ्फरनगर में उसका सैंपल लिया गया था। जांच रिपोर्ट में महिला कोरोना पॉजिटिव आने पर उसे मेरठ मेडिकल में भर्ती किया गया।
मंगलवार को सामुदायिक चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डा. कांति प्रसाद के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम महिला के घर पहुंची और घर में मौजूद महिला के ससुर व ननद का सैंपल लिया। इसके बाद टीम ने महिला से मिलने वाले और संपर्क में आने वाले लोगों के बारे मेें पूछताछ की तो पता चला कि क्षेत्र की दो महिलाएं उनसे मिलने के लिए आई थीं। इसके बाद टीम ने उन दोनों महिलाओं का भी सैंपल लिए हैं। डा. कांति प्रसाद ने बताया कि महिला के नवजात बच्चे का भी सैंपल लिया है। साथ ही सभी को होम क्वारंटीन किया गया है।