गढ़ीपुख्ता (शामली)। थानाभवन, गढ़ीपुख्ता और शामली की स्वास्थ्य टीमें मंगलवार को गांव जाफरपुर पहुंची और घर-घर जाकर बुखार पीड़ितों की जानकारी ली। प्राथमिक विद्यालय में कैंप लगाकर 193 मरीजों की जांच कर दवा दी गई। इस दौरान बुखार के 23 मरीजों की स्लाइड और डेंगू संभावित पांच बुखार पीड़ितों के रक्त के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए मेरठ मेडिकल भेजा जाएगा।
गांव जाफरपुर में बुखार के चलते सोमवार को रेखा सैनी की मौत हो गई थी। गांव में बुखार के प्रकोप के चलते 15 दिन में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इसकी जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सीएमओ डा. संजय भटनागर के निर्देश पर मंगलवार को थानाभवन, गढ़ीपुख्ता और शामली से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम गांव पहुंची। स्वास्थ्य टीमों ने गांव में घर-घर जाकर बुखार पीड़ितों की जानकारी ली। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय में स्वास्थ्य कैंप लगाया और बुखार व अन्य बीमारियों से पीड़ित 193 मरीजों की जांच कर उनका उपचार किया।
इसके अलावा बुखार से पीड़ित 23 मरीजों की रक्त पट्टिका (स्लाइड) बनाई गई। डेंगू बुखार के पांच संभावित पीड़ितों के रक्त नमूने लिए गए, जिन्हें मेरठ मेडिकल में जांच के लिए भेजा जाएगा। इस दौरान एसीएमओ डा. आरके सागर, जिला मलेरिया अधिकारी डा. विनय कुमार, एलटी अवधेश वाडेकर, सोनू, दिलशाद, गढ़ीपुख्ता सीएचसी प्रभारी डा. सलीम, थानाभवन सीएचसी प्रभारी डा. कांति प्रसाद, डा. सुशील डा. कमल, डा. हिमांशु, अहमद हुसैन, आशा सुमन सैनी व सुमनपाल आदि शामिल रहे।
गांव में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया
गढ़ीपुख्ता। जिला मलेरिया अधिकारी डा. विनय कुमार ने बताया कि गांव में एंटी लार्वा कीटनाशक दवाई का छिड़काव करा दिया गया है। इससे पहले भी गांव में ग्राम पंचायत की तरफ से एंटी लार्वा की दवा का छिड़काव कराया गया था। ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया है।