कैराना (शामली)। 19 दिन पहले कर्नाटक से गांव खुरगान में आए आठ जमातियों की स्वास्थ्य विभाग ने पहुंचकर काउंसिलिंग की। जिसमेें फिलहाल किसी में कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं। उन्हें सभी को मस्जिद में क्वारंटीन में रहने के निर्देश दिए गए। रविवार को सभी के सैंपल लिए जाएंगे।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम क्षेत्र के गांव खुरगान पहुंची। टीम ने गांव की जामा मस्जिद में 16 मार्च से कर्नाटक से आकर ठहरे आठ जमातियों के साथ काउंसिलिंग करते हुए उनके स्वास्थ्य की जांच की। जांच में प्रारंभिक तौर पर किसी भी जमाती में कोरोना के लक्षण नहीं मिले। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि खुरगान जामा मस्जिद में 16 मार्च को कर्नाटक से आठ जमाती आए थे। सभी को मस्जिद में ही क्वारंटीन में रहने को कहा गया है। एहतियात के तौर पर रविवार को सभी जमातियों के सैंपल लेकर जांच हेतु भेजे जाएंगे।