कांधला। कस्बे की जाट कॉलोनी रेलवे रोड स्थित नवजीवन हॉस्पिटल में डिलीवरी के दौरान नवजात की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। सोमवार को एसीएमओ अश्वनी कुमार टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और ओटी सेक्शन सील कर दिया। साथ ही अस्पताल संचालक को नोटिस जारी किया गया है।
मोहल्ला खैल निवासी दानिश ने सीएमओ कार्यालय में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि 19 नवंबर को उन्होंने अपनी पत्नी फरीन को डिलीवरी के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। आरोप है कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से नवजात की मौत हुई। परिजनों का यह भी कहना है कि नॉर्मल डिलीवरी की बात कहकर जबरन ऑपरेशन किया गया, और विरोध पर उन्हें धमकाकर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
मामले में किसान नेता विनोद निर्वाल भी पीड़ित पक्ष के साथ सीएमओ कार्यालय पहुंचे थे और कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत पर सीएमओ अनिल कुमार ने जांच के निर्देश दिए थे। सोमवार को जांच टीम ने अस्पताल में पहुंचकर ओटी सेक्शन को सीज कर दिया और नियमों के पालन को लेकर संचालक को नोटिस दिया। वहीं अस्पताल संचालक ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि बच्चा पहले ही पेट में मृत था और परिजनों की अनुमति से ऑपरेशन किया गया था।