शामली। बदलते मौसम ने लोगों की सेहत पर कहर बरपाना शुरू कर दिया है। दिन और रात के तापमान में हो रहे उतार-चढ़ाव से बुखार, जुकाम और वायरल संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसी बीच मंगलवार को तेज बुखार से पीड़ित भाकूवाला मंदिर के पास रहने वाले सुनील की मौत हो गई।
मोहल्ला भाकूवाला मंदिर निवासी 52 वर्षीय सुनील को दो दिन पहले बुखार हुआ था। परिजनों ने पास के एक निजी चिकित्सक से इलाज कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। भाई गुडडू ने बताया कि सोमवार की शाम सुनील की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिवारजन उसे लेकर बुढ़ाना रोड स्थित एक डॉक्टर के पास पहुंचे, जहां से उसे मेरठ के सुभारती अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया, लेकिन मंगलवार सुबह सुनील ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन शव को शुक्रताल स्थित बड़े भाई के घर ले गए, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार, सुनील अपने पीछे पत्नी और एक बेटी को छोड़ गया है। उधर, सीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने मामले की जानकारी से इन्कार किया है।