कोरोना मुक्ति के लिए हवन किया
कांधला। कोरोना महामारी से बचाव व सुख, शांति और समृद्धि के लिए हवन कर क्षेत्रपाल भूमिया खेड़ा की पूजा, अर्चना की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण भी किया गया।
नगर के मोहल्ला रायजादगान स्थित भूमिया खेड़ा पर शनिवार को परंपरागत रूप से पूजा, अर्चना का कार्यक्रम नगर के लोगों द्वारा आयोजित किया गया। भूमि खेड़ा स्थल पर हवन अनुष्ठान का विधिवत रूप से आयोजन करते हुए भूमिया खेड़ा सहित सनातन देवी देवताओं की पूजा-अर्चना की गई। सुख, समृद्धि, खुशहाली तथा प्राकृतिक आपदाओं व कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए हवन में आहुति प्रदान की गई। बाद में लोगों ने जल की धार छोड़ते हुए ध्वज यात्रा के साथ नगर परिक्रमा पूरी की। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
श्रद्धालु रणवीर चौहान ने बताया कि प्राचीन परंपरा के अनुसार नगर के क्षेत्रपाल भूमिया खेड़ा की प्राचीन समय से पूजा, अर्चना की जाती रही है। इस दौरान रिक्की रावत, रुपेश प्रजापति, प्रीतम चौहान, पूर्व सभासद तेजपाल, गुड्डू सैनी, टोनी, राजीव कश्यप, राकेश कश्यप, सतबीर, दीपक सैनी सभासद, देवीदास, कृष्ण बिजलानी सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।