शामली। कैराना रोड स्थित शिव मंदिर गुलजारी वाला में हवन एवं वार्षिक भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इस दौरान दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान समेत दूर दराज से साधु संत शामिल हुए।
शुक्रवार को शिव मंदिर गुलजारी वाला में ब्रह्मलीन महंत संतोष गिरी महाराज का वार्षिक भंडारा हुआ। इसी के साथ मंदिर के खड़ेश्वरी बाबा अजय गिरी महाराज की छह वर्ष तीन माह की तपस्या पूर्ण हुई है। इन दोनों अवसरों पर मंदिर में सुबह आठ बजे हवन हुआ। मंदिर के महंत शैलेंद्र गिरी महाराज के सानिध्य में और भूतपूर्व सभापति महंत सोहन गिरी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के हरिद्वार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा समेत अनेक दूर दराज के राज्यों से बड़ी संख्या में आए साधु, संतों ने भाग लिया। दोपहर में भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महंत रमण गिरी, महंत प्रेम गिरी, थानापति महंत तीर्थ गिरी, महंत बसंत गिरी, अलख गिरी, प्रहलाद गिरी, अजय गिरी, विष्णु गिरी मौजूद रहे।