हाथरस की बिटिया के हत्यारों को फांसी देने की मांग
कैराना। हाथरस प्रकरण को लेकर वाल्मीकि समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पीड़िता के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा व प्रकरण की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है।
शनिवार को भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महामंत्री दीपक चंद्रा के नेतृत्व में वाल्मीकि समाज के लोगों ने तहसील पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद हाथरस में समाज की एक युवती के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए तथा आरोपियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा दिलाई जाए। पीड़िता के परिजनों को सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये सहायता राशि व एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। परिजनों को ग्रामीण क्षेत्र से शहरी क्षेत्र में निवास करने हेतु आवास उपलब्ध कराया जाए। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला महामंत्री दीपक चंद्रा ने कहा कि प्रदेश में हत्या, बलात्कार की घटनाएं चरम पर हैं। जिम्मेदार पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों को निलंबित कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इस दौरान हर्ष चंद्रा, गुड्डू, विनय, अमित, विनोद, विपिन कुमार, राज कुमार, अश्वनी कुमार, अजय, रोहित व सौरभ आदि मौजूद रहे।