शामली। जाम शहर के लिए नासूर बन चुका है। मेरठ-करनाल हाईवे पर रोजाना जाम लगता है। शनिवार को सुबह मेरठ-करनाल हाईवे पर घंटों जाम लगने के कारण लोगों का हाल बेहाल हो गया। ठंड में लोग कांप गए। ट्रैफिक पुलिस की मशक्कत के बाद भी जाम खुल नहीं सका।
शनिवार की सुबह से मेरठ-करनाल हाईवे पर जाम लग गया। देखते ही देखते चंद मिनटों में दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग गई। बुढ़ाना रोड फाटक पर एमएसके रोड से आ रहे वाहनों के द्वारा बीच में ट्रक फंसाने के कारण जाम ने विकराल रूप धारण कर लिया।
जिसके बाद करीब तीन किमी तक जाम लग गया। दूसरी ओर झिंझाना की ओर नहर तक जाम लग गया। मेरठ करनाल हाईवे पर जाम का असर पानीपत-खटीमा मार्ग पर भी पड़ा और इस मार्ग पर भी जाम लग गया। सुबह से लेकर शाम तक जाम लग रहा।
वहीं, टीएसअाई भंवर सिंह ने बताया कि जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस काम कर रही है। फिलहाल दो ट्रायल किए जा रहे हैं, यदि यह कामयाब होते हैं तो इनको स्थायी तौर पर लागू किया जाएगा